आईपीएल 2025 का 25वां मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स के लिए बेहद निराशाजनक रहा। चेपॉक स्टेडियम में खेले गए इस मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने CSK को 8 विकेट से हराया और चेन्नई को लगातार पांचवीं हार का स्वाद चखाया।
कप्तान के तौर पर धोनी की वापसी हुई थी, लेकिन 'माही मैजिक' इस बार फीका रहा। ऋतुराज गायकवाड़ की अनुपस्थिति में धोनी को जिम्मेदारी मिली, लेकिन बल्लेबाजों के लचर प्रदर्शन ने टीम की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
टॉस हारने के बाद चेन्नई को पहले बल्लेबाजी करनी पड़ी। पूरी टीम 20 ओवर में सिर्फ 103 रन ही बना सकी। विजय शंकर ने 29 और शिवम दुबे ने नाबाद 31 रन जरूर जोड़े, लेकिन अन्य बल्लेबाज नाकाम रहे। चेपॉक में यह चेन्नई सुपर किंग्स का सबसे कम स्कोर रहा।
सलामी बल्लेबाज रचिन (4), कॉनवे (12) और त्रिपाठी (16) जल्दी पवेलियन लौट गए। महज 70 रन पर 5 विकेट गिर चुके थे, और फिर 79 पर टीम के 9 विकेट गिर गए। आखिरी छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। धोनी, जडेजा, अश्विन और दीपक हुड्डा जैसे बड़े नाम भी फ्लॉप रहे।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता ने जबरदस्त शुरुआत की। क्विंटन डी कॉक और सुनील नरेन ने पहले विकेट के लिए 46 रन जोड़े। नरेन ने 44 रन की तूफानी पारी खेली और गेंद से भी तीन विकेट झटके, जिससे वह मैच के हीरो बनकर उभरे।
चेन्नई की ओर से अंशुल कंबोज और नूर अहमद को एक-एक विकेट मिला, लेकिन तब तक केकेआर ने मैच पर पकड़ बना ली थी। कोलकाता ने 10.1 ओवर में ही मुकाबला अपने नाम कर लिया।